हाजीपुर नगर परिषद बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले, जानिए किन योजनाओं को मिली मंजूरी

हाजीपुर नगर परिषद की बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए. बैठक में नाला उड़ाही, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर सहित सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई. नगर क्षेत्र की 52 विकास योजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्णय हुआ। सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने बताया कि नाला उड़ाही की निगरानी वार्ड पार्षद करेंगे. प्रत्येक वार्ड में 100 स्ट्रीट लाइट और एक हाई मास्ट लाइट लगाने की योजना भी मंजूर हुई.

Hajipur News:(कैफ अहमद की रिपोर्ट) नगर परिषद सभागार में सोमवार को आयोजित साधारण बोर्ड बैठक में शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में सफाई व्यवस्था, नाला उड़ाही, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई.

बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार द्वारा किया गया. बैठक में नगर क्षेत्र में चल रही कुल 52 विकास योजनाओं के लिए टेंडर जारी करने की जानकारी दी गई. साथ ही बाधित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन भी अधिकारियों द्वारा दिया गया.

सफाई एजेंसी के चार माह से लंबित भुगतान को लेकर भी चर्चा हुई, जिसके बाद बोर्ड की सहमति से भुगतान जारी करने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा वार्ड स्तर पर उठ रही जनसमस्याओं पर भी गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

नाला उड़ाही कार्य की होगी सख्त निगरानी

सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने बैठक में कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में नाला उड़ाही का कार्य चल रहा है, लेकिन कई स्थानों पर कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया है. इसे देखते हुए अब इस कार्य की निगरानी वार्ड पार्षदों द्वारा की जाएगी ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके.

स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की योजना

उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक वार्ड में 100-100 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी. साथ ही हर वार्ड में एक-एक हाई मास्ट लाइट भी स्थापित की जाएगी. खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत को प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए गए हैं. लगातार जलती रहने वाली स्ट्रीट लाइटों से बिजली खपत बढ़ने के मामले पर संबंधित एजेंसी पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है.

एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर को मंजूरी

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में नगर परिषद क्षेत्र में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (Animal Birth Control Centre) स्थापित करने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

विकास कार्यों में तेजी लाने का दावा

सभापति ने कहा कि आने वाले समय में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और तेज होगी तथा शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. बैठक में नगर प्रबंधक डॉ. सूर्य प्रकाश, जेईई कृष्ण प्रसाद, स्वच्छता प्रभारी सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे.

Also Read: चार वर्षीय बच्चे के अपहरण से सनसनी, आईजी की निगरानी में जांच तेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Nikhil Anurag is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >