Hajipur News: (दिलीप कुमार) वैशाली जिले के महुआ नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में नाला उड़ाही के बाद सड़क पर ही कचरा छोड़ दिए जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क के बीचोबीच जमा गंदगी के कारण राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है, वहीं आसपास के लोग बदबू से परेशान हैं.
जानकारी के अनुसार महुआ नगर परिषद बाजार के गोविंदनगर इलाके में ताजपुर रोड से वाया नदी तक सड़क किनारे बने नाले की सफाई और उड़ाही का कार्य कराया गया था. लेकिन सफाई के बाद निकाला गया कचरा सड़क के बीचोबीच ही छोड़ दिया गया.
सड़क संकरी होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर कचरा जमा रहने से रास्ता काफी संकरा हो गया है. इससे आने-जाने वाले लोगों और वाहनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
साथ ही कचरे से निकल रही दुर्गंध के कारण आसपास के घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है.
एक सप्ताह से सड़क पर पड़ा है कचरा
स्थानीय निवासी प्रो. अरुण गुप्ता, रमण गुप्ता, अमर कुमार, छोटू कुमार, संजीव सागर, चंदन कुमार, अर्जुन भगत और राकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले नाला उड़ाही का काम कराया गया था.
लेकिन संवेदक द्वारा कचरे को हटाने के बजाय सड़क पर ही छोड़ दिया गया, जिससे स्थिति और खराब हो गई है.
नगर परिषद से कार्रवाई की मांग
मोहल्लेवासियों ने महुआ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से जल्द सड़क पर पड़े कचरे को हटाने और दूसरी जगह फेंकवाने की मांग की है.
लोगों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो गंदगी और बदबू के कारण बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है.
