Hajipur News: अज्ञात वाहन की ठोकर से बुजुर्ग की मौत

Hajipur News: अज्ञात वाहन की ठोकर से बुजुर्ग की मौत, आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर किया सड़क जाम, एक घंटे बाद बहाल हुआ यातायात

Hajipur News: (सत्येंद्र कुमार सिंह) हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर काजीपुर थाना क्षेत्र के एकारा ओवरब्रिज के उत्तरी छोर के समीप शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

मृतक की पहचान काजीपुर थाना क्षेत्र के अफजलपुर धोबघट्टी पंचायत अंतर्गत फतेहाबाद गांव निवासी स्वर्गीय पुनीत राम के करीब 60 वर्षीय पुत्र मेवालाल राम के रूप में की गई है.

अज्ञात वाहन की ठोकर से हुई मौत

बताया गया कि मेवालाल राम सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने एनएच-22 पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.

पुलिस के समझाने पर शांत हुए लोग

घटना की सूचना मिलने के बाद काजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: सड़क किनारे खड़ी डायल 112 गाड़ी में बाइक सवार युवक ने मारी टक्कर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >