Hajipur News: भगवानपुर-महुआ-ताजपुर-समस्तीपुर रेल लाइन परियोजना को मिली नई रफ्तार

Hajipur News: भगवानपुर-महुआ-ताजपुर-समस्तीपुर रेल लाइन परियोजना को मिली नई रफ्तार, चौथी बार सर्वे को मंजूरी, रेल कनेक्टिविटी की उम्मीद से लोगों में खुशी

Hajipur News: (कैफ अहमद) बिहार में रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. केंद्र सरकार द्वारा राज्य की 29 नई रेल परियोजनाओं के सर्वे को मंजूरी दी गई है, जिसमें भगवानपुर-महुआ-ताजपुर-समस्तीपुर रेल लाइन निर्माण परियोजना भी शामिल है. सर्वे की मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जाएगी. इसके बाद रेल लाइन निर्माण को अंतिम स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

वर्षों पुरानी मांग को मिली नई उम्मीद

महुआ क्षेत्र की जनता एवं जनप्रतिनिधि लंबे समय से रेल सुविधा की मांग कर रहे थे. अब इस परियोजना के सर्वे को मंजूरी मिलने के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में यह रेल परियोजना धरातल पर उतर सकेगी. महुआ के विधायक व बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह ने इसे उत्तर बिहार के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने गांव, गरीब, किसान एवं पिछड़े समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जीवनभर संघर्ष किया था, जिसे अब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आगे बढ़ा रहे हैं.

रेल लाइन बनने से व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

संजय सिंह ने कहा कि प्रस्तावित रेल लाइन बनने के बाद महुआ सीधे भगवानपुर, ताजपुर एवं समस्तीपुर से रेल मार्ग द्वारा जुड़ जाएगा। इससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी. उन्होंने कहा कि रेल परियोजना से व्यापार, कृषि एवं रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी.

चौथी बार मिला सर्वे को मंजूरी

हाजीपुर से समस्तीपुर वाया महुआ नई रेल लाइन का मामला वैशाली जिले में कई दशकों से लंबित है. पहली बार वर्ष 1996 से 1998 के बीच प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा की सरकार में रेल मंत्री रहे रामविलास पासवान ने हाजीपुर से समस्तीपुर वाया महुआ एवं पातेपुर नई रेल लाइन निर्माण के लिए रेल बजट में सर्वे का प्रावधान किया था। सर्वे रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी गई, लेकिन आगे कोई निर्णय नहीं हुआ.

दूसरी बार वर्ष 2004 से 2009 के दौरान यूपीए सरकार में रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने संशोधित प्रस्ताव के तहत भगवानपुर वाया महुआ होते समस्तीपुर नई रेल लाइन का प्रस्ताव बजट में शामिल किया। सर्वे हुआ, रिपोर्ट भी भेजी गई, लेकिन परियोजना फिर ठंडे बस्ते में चली गई.

तीसरी बार पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के प्रयासों से वर्ष 2023 के आम बजट में भगवानपुर-समस्तीपुर वाया महुआ-ताजपुर नई रेल लाइन सर्वे को मंजूरी मिली थी.

अब चौथी बार इस परियोजना के सर्वे को मंजूरी मिलने के बाद लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित यह सपना जल्द साकार हो सकेगा.

Also Read: औरंगाबाद मंडी में सेब और अंगूर के दाम ऊंचे स्तर पर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >