हाजीपुर के अधिवक्ता कुंदन कुमार की दर्दनाक मौत, सड़क हादसे में सिर धड़ से अलग; तीन साथी घायल

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें हाजीपुर व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता कुंदन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. कार सवार तीन अन्य अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. यह घटना तब हुई जब वे श्राद्ध कर्म के भोज से लौट रहे थे.

Road Accident: हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 पर सदर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन के पास शुक्रवार की रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार एक अधिवक्ता की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान कुंदन कुमार के रूप में हुई है. साथी अधिवक्ता मोहन सिंह ने बताया कि कुंदन कुमार हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में वकालत करते थे और मूल रूप से बकसमा गांव के रहने वाले थे.

श्राद्ध कर्म के भोज से लौट रहे थे सभी

बताया गया कि सभी लोग कोर्ट के एक पेशकार के पिता के श्राद्ध कर्म के भोज में शामिल होने गये थे. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी वैगनआर कार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हाजीपुर पुलिस लाइन के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक चालक ने उनकी कार को अचानक चकमा दे दिया.

ट्रक के चकमा देने के बाद वैगनआर कार अनियंत्रित होकर भीषण दुर्घटना का शिकार हो गयी. हादसा इतना गंभीर था कि अधिवक्ता कुंदन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गयी.

तीन साथी अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल

हादसे में कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों की पहचान गोलू, गौरव और ज्ञानू के रूप में हुई है. ये तीनों भी पेशे से अधिवक्ता बताये जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सदर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा.

ग्रामीण एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच

हादसे की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की. पुलिस ने मृतक अधिवक्ता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है. साथ ही हादसे के अन्य कारणों की तकनीकी और जमीनी स्तर पर जांच की जा रही है.

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की खबर जैसे ही मृतक अधिवक्ता के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. साथी अधिवक्ताओं ने भी कुंदन कुमार की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >