हाजीपुर नगर परिषद में कामकाज ठप, डेहरी EO हत्याकांड के विरोध में कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार

Hajipur News: डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के विरोध में हाजीपुर नगर परिषद के कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार, सुरक्षा की उठाई मांग।

Hajipur News: डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के विरोध में हाजीपुर नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सोमवार को काला बिल्ला लगाकर कार्य बहिष्कार किया. पूरे दिन कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा और आम लोगों को विभिन्न सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ी.

काला बिल्ला लगाकर किया विरोध प्रदर्शन

हाजीपुर नगर परिषद के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने सोमवार को डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के विरोध में काला बिल्ला लगाकर प्रदर्शन किया. विरोध स्वरूप पूरे दिन कार्य का बहिष्कार किया गया. कर्मचारियों ने इस घटना को नगर निकाय कर्मियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया.

कार्यालय के काउंटर बंद रहने से लोगों को हुई परेशानी

कार्य बहिष्कार के कारण नगर परिषद कार्यालय के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, होल्डिंग, कर वसूली, दाखिल-खारिज समेत कई महत्वपूर्ण काउंटर बंद रहे. आवश्यक कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा. इससे आम नागरिकों को काफी असुविधा हुई.

लगातार घटनाओं से कर्मचारियों में बढ़ी असुरक्षा

प्रदर्शन कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि 2 अगस्त को डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या ने पूरे राज्य के नगर निकाय कर्मियों को झकझोर दिया है. उन्होंने बताया कि इससे पहले सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की भी कार्यालय में घुसकर हत्या की जा चुकी है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में भय और असुरक्षा का माहौल है.

सरकार से सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग

नगर परिषद कर्मियों ने राज्य सरकार से नगर निकाय अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कार्यस्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की. कर्मचारियों का कहना है कि सुरक्षित माहौल मिलने के बाद ही वे पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे.

Also Read : बांकीपुर उपचुनाव के रुझानों पर क्यों चुप रहे तेजस्वी यादव? हरिहरनाथ मंदिर से दिया यह जवाब, देखिए वीडियो


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >