हाजीपुर में छात्राओं से संवाद, करियर और साइबर सुरक्षा के साथ नशामुक्ति का दिया संदेश

हाजीपुर के बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में सफलता, करियर निर्माण, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया गया. जिला पदाधिकारी ने पुस्तकालय का उद्घाटन कर छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन के गुर सिखाए.

Cyber Security: हाजीपुर के राज्य संपोषित बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं को सफलता, करियर निर्माण, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त समाज के प्रति जागरूक और प्रेरित किया गया. कार्यक्रम के प्रथम सत्र में जिला पदाधिकारी ने फीता काटकर विद्यालय के पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया और उसका निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने उपलब्ध पुस्तकों और पुस्तकालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन के बताये तरीके

पुस्तकालय में छात्राओं से संवाद करते हुए जिला पदाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन को लेकर आवश्यक सुझाव दिये. उन्होंने डॉक्टर, इंजीनियर, सिविल सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए अध्ययन-पद्धति, नियमित अभ्यास और अनुशासन के महत्व पर चर्चा की.

इस अवसर पर विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. केकी कृष्ण ने जिला पदाधिकारी को अपनी पुस्तक भेंट की. उन्होंने वैशाली की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक उपलब्धियों से भी उन्हें अवगत कराया. कार्यक्रम के द्वितीय सत्र का आयोजन विद्यालय सभागार में किया गया.

नशामुक्त भारत को लेकर छात्राओं को दिलायी गयी शपथ

जिला पदाधिकारी ने नशामुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया.

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है. इस अवसर पर छात्राओं और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ ली.

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षिका अनिता शर्मा और आर्ट शिक्षिका अर्चना कुमारी को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

साइबर अपराध से बचाव के बताये व्यावहारिक उपाय

साइबर क्राइम डीएसपी चांदनी सुमन ने छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने मोबाइल, इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन लेन-देन और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी.

उन्होंने छात्राओं को अंजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग से जुड़ी जानकारी और अन्य व्यक्तिगत विवरण किसी के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया.

साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली, ऑनलाइन धोखाधड़ी के सामान्य तरीकों और बचाव के व्यावहारिक उपायों के बारे में भी सरल भाषा में जानकारी दी गयी. साइबर अपराध होने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी छात्राओं को बताया गया.

साइबर सुरक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राएं पुरस्कृत

साइबर सुरक्षा से संबंधित विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत किया गया. अधिकारियों ने छात्राओं को डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया.

कई अधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा, वैशाली सोनाली संचेत, नेहरू युवा केंद्र की कार्यक्रम पदाधिकारी स्मृति सैनी तथा शिक्षा विभाग से दिलीप कुमार और जियाउल हक सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य कर्मी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >