Hajipur encroachment: सार्वजनिक और सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में सोमवार को रामाशीष चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की जमीन पर किये गये अवैध कब्जे को हटाया गया. अनुमंडल पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एनएच की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया.
प्रशासन के अनुसार, सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी. कार्रवाई का उद्देश्य एनएच की जमीन को कब्जामुक्त रखने के साथ क्षेत्र में वाहनों के आवागमन को सुचारु बनाना है.
सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किये गये अवैध कब्जे तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए. प्रशासन की ओर से ऐसे स्थानों को चिह्नित कर कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है.
सड़क पर वाहन खड़ा करने से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा नहीं करने की अपील की है. साथ ही सड़क, पुल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे वाहनों को खड़ा नहीं करने को कहा गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो या आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़े.
प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
