हाजीपुर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनायी गयी गुरु पूर्णिमा, मठ-मंदिरों और संस्थानों में हुए विविध आयोजन

हाजीपुर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित किया गया और गायत्री शक्तिपीठ में नौ कुंडीय महायज्ञ का आयोजन कर गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई.

Hajipur News: गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को जिले भर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर शहर समेत जिले के विभिन्न मठ-मंदिरों, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों, शिक्षण संस्थानों तथा कला-संगीत और नाट्य संस्थाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए. श्रद्धालुओं ने गुरु का स्मरण और वंदन करते हुए जीवन में सुख, शांति और सफलता की कामना की.

वक्ताओं ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु की कृपा से ही जीवन आलोकित होता है. गुरु का स्थान सर्वोच्च है और उनके प्रति सदैव आदर एवं सम्मान का भाव बनाए रखना चाहिए.

बाबा पातालेश्वरनाथ मंदिर में शिक्षकों का हुआ सम्मान

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नगर स्थित बाबा पातालेश्वरनाथ मंदिर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष रणवीर नंदन के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया.

नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने शिक्षकों को अंगवस्त्र, मोमेंटो और पौधा देकर सम्मानित किया. मंदिर न्यास समिति के सचिव अनिल चंद्र कुशवाहा ने कहा कि मंदिरों में पूजा-पाठ के साथ ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं. उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को गुरु के प्रति सम्मान और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है.

कार्यक्रम में न्यास समिति के कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार कौशल, उमेश राव, त्रिभुवन सिंह, हरिमोहन चौधरी, समाजसेवी रामू कुमार सहनी समेत कई लोग उपस्थित थे.

गायत्री शक्तिपीठ में हुआ नौ कुंडीय महायज्ञ

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दिग्घी कला पूर्वी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया. श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत वातावरण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति अर्पित कर राष्ट्र, समाज और विश्व कल्याण की कामना की.

कार्यक्रम का शुभारंभ व्यास पूजन के साथ हुआ. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नौ कुंडीय महायज्ञ संपन्न कराया गया. वैदिक विधि से अनुष्ठान मिथलेश प्रसाद सिंह ने कराया. श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गायत्री मंत्र का जाप किया.

आध्यात्मिक जागरण का दिया संदेश

गायत्री परिवार के साधकों ने युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

इस अवसर पर मुख्य ट्रस्टी रामचंद्र सिंह, राजेश पांडेय, उमेश तिवारी, नंदलाल चौधरी, दिलीप कुमार, दिनेश, राम कुमार साह, अनिरुद्ध शुक्ला, हरेंद्र शर्मा, ब्रजकिशोर सिंह, महेश्वर प्रसाद सिंह, सुनीता देवी, बबिता सिंह, लीला सिंह, ललन पंडित, रेखा सिंह, नूतन सिंह, किरण कुमारी, गौरव कुमार, गुड़िया शर्मा सहित गायत्री परिवार के सदस्य मौजूद रहे.

गुरु परंपरा और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा

कार्यक्रम में शामिल श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए समाज में आध्यात्मिक जागरण, नैतिक मूल्यों और मानवीय संस्कारों के प्रसार का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Devendra gupt

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >