स्वर्ण व्यवसायी विशाल सोनी हत्याकांड : वैशाली एसपी ने बनाई SIT, मुजफ्फरपुर में परिवार से पूछताछ हुई, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

हाजीपुर में एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई. अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद व्यवसायी का बैग और कीमती सामान लूट लिया. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है.

Gold Merchant Murder : हाजीपुर के तीसीऔता थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच की है. हत्या के बाद अपराधी व्यवसायी का बैग और सामान लेकर मौके से फरार हो गए. वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश के साथ दहशत का माहौल है.

घटना के बाद वैशाली एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है. टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

पुलिस की ओर से अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. वारदात के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है और पुलिस जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने में जुटी है.

जांच करती पुलिस.

फोरेंसिक टीम ने जुटाये साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किये हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही अपराधियों के भागने की संभावित दिशा में भी पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस का प्रयास है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा सके.

परिवार से भी की गयी पूछताछ

मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी विजय साह के 32 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है. पुलिस हत्या के पीछे लूट के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. मृतक के परिवार वालों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि उनका किसी व्यक्ति से पहले से कोई विवाद या दुश्मनी तो नहीं थी. पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

राखी पर भीड़ की वजह से देर रात लौट रहे थे घर

विशाल कुमार सोनी पिछले आठ वर्षों से राम सुरेश चौक पर कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रह रहे थे. मकान से करीब एक किलोमीटर दूर लालबाबू राय के फूलकुमारी मार्केट में उनकी आभूषण की दुकान है. रक्षाबंधन के कारण बाजार में ग्राहकों की भीड़ थी, इसलिए उन्होंने गुरुवार को दुकान सामान्य दिनों की तुलना में देर से बंद की. इसके बाद वह पैदल अपने किराये के मकान की ओर लौट रहे थे.

घर से करीब 500 मीटर पहले सुनसान रास्ते में पहले से घात लगाये अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने नजदीक से ताबड़तोड़ तीन गोलियां मारीं. गोली लगने से विशाल सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद अपराधी उनका बैग लेकर मौके से फरार हो गये.

डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, एक माह का है बेटा

विशाल की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों के अनुसार विशाल की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उनका एक माह का मासूम बेटा है. रक्षाबंधन के मौके पर हुई इस वारदात ने परिवार की खुशियां छीन लीं हैं.

Also Read : दुकान बंद कर पैदल घर जा रहे स्वर्ण व्यवसायी को रास्ते में घेरकर मारी तीन गोली, बैग लेकर भागे बदमाश



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >