हाजीपुर में खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस रिसी और भड़क उठी आग, महिला झुलसी; 35 हजार नकद समेत लाखों का सामान राख

हाजीपुर के जढ़ुआ में गैस सिलेंडर रिसाव से लगी भीषण आग, 35 हजार नकद और लाखों का सामान जलकर राख. महिला झुलसी, स्थानीय लोगों ने पाया आग पर काबू.

Vaishali News: हाजीपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-42 स्थित जढ़ुआ बरई टोला में शनिवार की शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से हुए अचानक रिसाव के कारण भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में घर में रखे 35 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये मूल्य के कपड़े, अनाज और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए.

देखते ही देखते भड़की आग, मची अफरा-तफरी

गृहस्वामी राजू पासवान ने बताया कि शनिवार शाम करीब चार बजे उनकी पत्नी धर्मशीला देवी रसोई घर में खाना बना रही थीं. इसी दौरान अचानक एलपीजी सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई.

ग्रामीणों के साहसिक प्रयास से बुझी आग

घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी और बिना समय गंवाए खुद ही बाल्टी व मोटर पाइप से पानी डालकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए. दमकल विभाग की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग को पूरी तरह बुझा दिया. हालांकि, आग की भीषण लपटों से आसपास के घरों में लगे बिजली के तार जल गए, जिससे मोहल्ले की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई.

आग बुझाने में महिला झुलसी, अस्पताल में भर्ती

आग बुझाने और सामान बचाने के क्रम में गृहस्वामी की पत्नी धर्मशीला देवी झुलसकर घायल हो गईं. परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है. अग्निशमन विभाग के एसआई विजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दमकल टीम रवाना कर दी गई थी, लेकिन रास्ते में ही ग्रामीणों द्वारा आग पर काबू पा लिए जाने की सूचना मिलने के बाद टीम वापस लौट आई.

Also Read: हाजीपुर के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >