असम से हेरोइन लाकर पटना में तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के चार शातिर धराये, दो वैशाली के

पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है.

संवाददाता, पटना.

पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने हेरोइन की तस्करी करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. बीते दिन गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने पाटलिपुत्र जीआरपी थाना क्षेत्र से अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर के चार शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है. चारों के पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 22 लाख रुपये है. मिली जानकारी के अनुसार एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर चार तस्करों को पकड़ लिया. इनमें बिदुपुर के कृष्णा कुमार व सुधीर कुमार, रुस्तमपुर का मनीष कुमार और सालिमपुर का मुकेश कुमार शामिल हैं.

साबुन की टिकिया बना कर लायी गयी थी हेरोइन : तलाशी के दौरान पुलिस ने तस्करों के पास से कुल 108.5 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है. तस्करों ने इस हेरोइन को साबुन की टिकिया (9 पीस कोटा साबुन) के रूप में छिपा कर रखा था, ताकि सुरक्षा एजेंसियों को चकमा दिया जा सके. पुलिस के अनुसार जब्त हेरोइन का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 22 लाख रुपये है. हेरोइन के अलावा पुलिस ने तस्करों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं, जिनका उपयोग वे अपने नेटवर्क को संचालित करने के लिए करते थे.

असम के सिलचर से हेरोइन खरीदकर लाते हैं : प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि यह गिरोह काफी समय से मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त है. गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया है कि वे असम के सिलचर से अवैध मादक पदार्थ खरीद कर लाते थे और उसे बिहार के विभिन्न जिलों में ऊंचे दाम पर बेचते थे. जांच में यह भी पता चला है कि इस गिरोह का नेटवर्क बिहार और असम के अलावा कई अन्य राज्यों में भी फैला हुआ है. पूरे मामले में पाटलिपुत्र जीआरपी थाने में चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के मामले में कांड दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कुल छह अभियुक्तों को नामजद किया गया था, जिनमें से चार की गिरफ्तारी हो चुकी है और शेष दो की तलाश में टीम छापेमारी कर रही है. गौरतलब है कि मंगलवार को वैशाली जिले के सदर क्षेत्र में भी सात हेरोइन तस्करों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था. इन लोगों के पास से 166 ग्राम हेरोइन बरामद की गयी थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 33.20 लाख रुपये है. पकड़े गये तस्करों में नवीन कुमार, प्रकाश कुमार, आंशु कुमार, सचिन कुमार, राहुल कुमार, शिवम कुमार व विकास कुमार शामिल है. ये सभी वैशाली जिले के बिदुपुर के रहने वाले हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Deepak Raj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >