हाजीपुर: जिले में बाढ़ का पानी घटा, फिर भी 32 पंचायत और 93 गांव प्रभावित

बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन अभी भी कई इलाके जलमग्न हैं. प्रशासन राहत सामग्री पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है. जीआर सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई है.

Flood Relief: जिले में बाढ़ का पानी लगातार घटने से स्थिति में सुधार हो रहा है, लेकिन 32 पंचायत, दो नगर निकाय, 93 गांव और 12 वार्ड अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं. प्रभावित क्षेत्रों में कुल 2,98,800 आबादी के लिए जिला प्रशासन की ओर से राहत, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था जारी है. राहत कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचायी जा रही है.

46 नावों से आवागमन और राहत सामग्री पहुंचाने का काम जारी

बाढ़ प्रभावित इलाकों में आवागमन और राहत सामग्री पहुंचाने के लिए वर्तमान में 46 नावों का परिचालन किया जा रहा है. अब तक 48,255 पॉलिथीन शीट, 11,53,289 भोजन पैकेट और 19,180 ड्राई राशन पैकेट वितरित किये जा चुके हैं. बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता देने के लिए जीआर वितरण सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है.

जीआर सूची में नाम नहीं है तो अंचलाधिकारी से करें संपर्क

जिला प्रशासन ने अपील की है कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक जीआर सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे संबंधित अंचलाधिकारी से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं.

आवेदन के साथ स्व-प्रमाणित आधार कार्ड, पति या पत्नी का आधार कार्ड, बच्चों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आधार से लिंक बैंक खाते का विवरण और सहमति पत्र संलग्न करना होगा. प्रशासन ने बिचौलियों से सावधान रहने और राहत राशि के नाम पर किसी को पैसा नहीं देने की अपील की है.

चार स्वास्थ्य शिविरों में 22,865 मरीजों का उपचार

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के तहत चार शिविर संचालित किये जा रहे हैं. इन शिविरों में अब तक 22,865 मरीजों का उपचार किया गया है. स्वच्छता के लिए 7,181 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर, 5,000 मेडिकल किट और 16,776 हैलोजन टैबलेट वितरित किये गये हैं.

डीआरसीसी के समीप ब्लीचिंग का हो रहा छिड़काव

5,951 पशुओं का इलाज, 1.16 लाख किलो चारा बांटा

पशु चिकित्सा सेवा के तहत अब तक 5,951 पशुओं का उपचार किया गया है. वहीं, 1,16,320 किलोग्राम पशु चारा वितरित किया गया है. वर्तमान में कोई पशु शिविर संचालित नहीं है.

नदी किनारे और कमजोर जमीन से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे, कटाव वाले क्षेत्रों और कमजोर भूमि से दूर रहने की अपील की है. साथ ही लोगों को पानी को शुद्ध कर पीने की सलाह दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >