हाजीपुर में बाढ़ का पानी घटा, 2.98 लाख आबादी प्रभावित; जीआर सूची में नाम जोड़ने का विशेष अभियान

बाढ़ से प्रभावित लोगों को मिलेगी राहत. जीआर सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाय जा रहा है. जानिए आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज.

flood relief: जिले में बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. जलस्तर में कमी आने के साथ प्रभावित इलाकों में आवागमन और सामान्य जनजीवन बहाल करने की दिशा में प्रशासन की कार्रवाई जारी है. जिला प्रशासन की ओर से राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं. राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी भी की जा रही है.

प्रशासन के अनुसार, जिले में अब तक 32 पंचायत, दो नगर निकाय, 93 गांव और 12 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. इससे करीब 2,98,800 की आबादी प्रभावित हुई है. वर्तमान में जरूरत के अनुसार 11 नावों का परिचालन किया जा रहा है.

प्रभावित परिवारों के बीच अब तक 48,505 पॉलीथिन शीट, 19,684 ड्राई राशन पैकेट और 5,000 मेडिकल किट वितरित किये जा चुके हैं.

जीआर सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान

बाढ़-2026 के तहत पात्र प्रभावित परिवारों को जीआर सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिले के सभी प्रखंडों में विशेष अभियान शुरू किया गया है. इसके तहत लाभार्थियों के नाम सूची में जोड़ने के लिए आवेदन लिये जा रहे हैं. प्राप्त आवेदनों की जांच और सत्यापन के बाद पात्र परिवारों को जीआर सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जायेगी.

प्रशासन ने प्रभावित नागरिकों से आवेदन के लिए संबंधित अंचलाधिकारी अथवा प्राधिकृत पदाधिकारी से संपर्क करने को कहा है.

आवेदन के साथ ये दस्तावेज जरूरी

जीआर सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन के साथ आधार कार्ड, पति-पत्नी एवं बच्चों के आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आधार लिंक बैंक खाते का प्रमाण और सहमति पत्र देना आवश्यक है.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राहत राशि दिलाने के नाम पर किसी बिचौलिए को कमीशन नहीं दें. यदि कोई व्यक्ति इस तरह की मांग करता है तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गयी है.

तीन स्वास्थ्य शिविरों में 22,944 मरीजों का उपचार

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं भी जारी हैं. वर्तमान में तीन स्वास्थ्य शिविर संचालित किये जा रहे हैं. इन शिविरों में अब तक 22,944 मरीजों का उपचार किया जा चुका है.

बाढ़ के बाद संक्रमण और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है. इसके तहत अब तक 8,180 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर और 17,891 हैलोजन टैबलेट वितरित की गयी हैं.

6,170 पशुओं का उपचार, 1.16 लाख किलो चारा वितरित

प्रभावित क्षेत्रों में पशु राहत कार्य भी जारी है. प्रशासन के अनुसार अब तक 6,170 पशुओं का उपचार किया गया है, जबकि पशुपालकों के बीच 1,16,320 किलोग्राम पशु चारा वितरित किया जा चुका है.

दूषित पानी से बचने की अपील

प्रशासन ने लोगों से दूषित पानी का सेवन नहीं करने की अपील की है. साथ ही कटाव और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है.

जलस्तर में कमी के बावजूद प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखे हुए है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कैफ अहमद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >