जंदाहा . जंदाहा प्रखंड की चांद सराय पंचायत के विष्णु पट्टी गांव में बुधवार की रात गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गयी. अगलगी की इस घटना में पांच घर व घर के अंदर रखे लाखों रुपये के सामान जल गये. घटना की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब आठ बजे विष्णु पट्टी गांव निवासी राम सोगारथ महतो के घर में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते लपटें इतनी तेज हो गयी. घर के सदस्य शोर मचाते हुए घर से बाहर की ओर भागे. अगलगी का शोर और आग की तेज लपटें देखकर वहां पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. इससे पहले कि लोग आग बुझाने का प्रयास शुरू करते, आग की तेज लपटों ने पड़ोस के संतोष महतो, राजेश महतो, पंकज महतो और सुदेश महतो के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया. ग्रामीण चापाकल और पंप सेट की मदद से आग बुझाने का प्रयास करते लगे. साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना पर जंदाहा थाना से पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. लेकिन तब तक घर समेत घर में रखा सारा सामान जल गया.
शादी के लिए रखे गये रुपये और गहने जलकर खाक
बताया जाता है कि संतोष महतो की पुत्री की अगले महीने शादी होन वाली है. 10 मार्च को तिलक की रस्म अदा की जानी है और विवाह 2 अप्रैल को होना है. शादी की तैयारियों के लिए घर में रखे गए करीब ढाई लाख रुपये नकद, लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने, वस्त्र और फर्नीचर भी जलकर राख हो गए. वहीं, राम सोगारथ महतो ने महाजन का कर्ज चुकाने के लिए दो लाख रुपये जमा किए थे, जो इस आग में जल गए. इसके अलावा, सभी अग्नि पीड़ितों के घरों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े और अन्य सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गए. संतोष महतो की पत्नी अपनी बेटी की शादी की तैयारियों का सामान जल जाने से गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल है.प्रशासन ने दिया पॉलीथिन शीट, मुखिया ने राहत सामग्री
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया विपिन बिहारी राय उर्फ कन्हाई राय, उप सरपंच पप्पू ठाकुर, वार्ड सदस्य सज्जन कुमार चौधरी, उपेंद्र राम, समाजसेवी मनीष कुमार और मेघन चौधरी सहित कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को सांत्वना दी. गुरुवार को अंचलाधिकारी रौशन रंजन ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से सभी पीड़ित परिवारों को पॉलीथिन शीट उपलब्ध करायी गयी. साथ ही शुक्रवार को सरकारी स्तर पर नियमानुसार राहत और मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया. वहीं पंचायत के मुखिया ने अपने स्तर से सभी पीड़ित परिवारों को भोजन सामग्री, बर्तन सेट और वस्त्र उपलब्ध कराए. इसके अलावा, संतोष महतो की बेटी की शादी में मदद के लिए उन्होंने 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
