हाजीपुर: कटारू में आग लगने से दो फूस के घर राख, एक मामूली रूप से झुलसे, लाखों की संपत्ति नष्ट

हाजीपुर के कटारू गांव में गुरुवार रात दो फूस के घरों में आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई. इस अग्निकांड में एक बकरी की मौत हो गई और घर का सारा सामान नष्ट हो गया.

Hajipur News : बेलसर थाना क्षेत्र के कटारू गांव के वार्ड संख्या 8 में गुरुवार की देर रात अचानक आग लगने से दो फूस के घर जलकर राख हो गए. अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, बर्तन, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. आग की चपेट में आने से दो बकरियां भी झुलस गईं, जिनमें एक की मौत हो गई. आग बुझाने के दौरान गृहस्वामी रंजीत पासवान मामूली रूप से झुलस गए. उनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है.

एक घर से दूसरे घर तक फैल गई आग

जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले रंजीत पासवान के फूस के घर में लगी. देखते ही देखते तेज लपटों ने बगल में स्थित सीता पासवान के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखा सामान बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका और दोनों घर धू-धू कर जलने लगे.

ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आग की लपटें उठती देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. बाल्टी, मोटर और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. ग्रामीणों के प्रयास से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

एक लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान

पीड़ित परिवारों के अनुसार, अग्निकांड में दोनों घरों से एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. इसमें अनाज, बर्तन, कपड़े, दैनिक उपयोग का सामान और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है. आग में झुलसी दो बकरियों में से एक की मौत हो गई.

समाजसेवी ने पहुंचकर बंधाया ढांढस

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय समाजसेवी श्री राम सिंह उर्फ वरुण सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने अग्निपीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया. वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Patedhi

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >