वैशाली डीएम वर्षा सिंह ने चेचर शिव मंदिर में श्रावणी मेला तैयारियों का लिया जायजा, महिला पुलिस तैनाती का दिया आश्वासन

वैशाली डीएम वर्षा सिंह ने श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने मंदिरों में महिला पुलिस बल की तैनाती और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश दिए हैं.

Hajipur News: वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने गुरुवार को बिदुपुर प्रखंड के ऐतिहासिक चेचर शिव मंदिर परिसर पहुंचकर श्रावणी मेले की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों से बातचीत कर मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं और संभावित समस्याओं की जानकारी ली.

महिला पुलिस तैनाती का दिया आश्वासन

मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने डीएम से मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की. इस पर डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि जिले के सभी प्रमुख मंदिरों में आवश्यकता के अनुसार महिला पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील भी की.

सड़क मरम्मत और बैरिकेडिंग के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बिदुपुर बीडीओ कुमार मनीष भारद्वाज को निर्देश दिया कि हाजीपुर-महनार मार्ग से मंदिर तक आने वाली सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें पहली सोमवारी से पहले दुरुस्त कराया जाए. इसके साथ ही उन्होंने सोमवारी मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया.

स्वतंत्रता सेनानी ज्योति देवी का किया सम्मान

चेचर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद डीएम का काफिला बिदुपुर प्रखंड के इंग्लिश खजबत्ता गांव पहुंचा. यहां उन्होंने क्षेत्र की एकमात्र स्वतंत्रता सेनानी ज्योति देवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. डीएम ने उन्हें शॉल, मोमेंटो, साड़ी, मिठाई और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया.

किसान पाठशाला और जैविक खेती का निरीक्षण

इसके बाद जिलाधिकारी सहदुल्लाहपुर धोबाली पंचायत पहुंचीं, जहां उन्होंने किसान पाठशाला और जैविक कॉरिडोर का निरीक्षण किया. उन्होंने ऑर्गेनिक तरीके से की जा रही सब्जियों और धान की खेती का अवलोकन किया तथा किसानों से खेती की पद्धतियों और उत्पादन संबंधी जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक खेत में चल रही धान रोपनी का भी जायजा लिया और किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया.

मौके पर बीडीओ कुमार मनीष भारद्वाज, सीओ करिश्मा कुमारी, बीपीआरओ निशांत कुमार, मंदिर समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र भगत, नमो नारायण सिंह, सुभाष सिंह रघुवंशी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >