Hajipur News : सोशल मीडिया पर शुरू हुई चार साल पुरानी प्रेम कहानी आखिरकार शादी के मुकाम तक पहुंच गई. महुआ के पुरानी बाजार स्थित महावीर मंदिर में एक बालिग प्रेमी युगल ने रविवार को हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी बना लिया. इस विवाह की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.
फेसबुक पर हुई थी दोनों की दोस्ती
जानकारी के अनुसार, महुआ थाना क्षेत्र के गरजौल गांव निवासी अभिषेक कुमार और उसी पंचायत की सोनाली प्रिया की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी. बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया. दोनों पिछले चार वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे.
हाजीपुर स्टेशन पर साथ दिखे तो परिजन पहुंचे
बताया जा रहा है कि शनिवार को अभिषेक अपनी बहन को लेने हाजीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था. इसी दौरान सोनाली भी वहां पहुंच गई. दोनों के एक साथ होने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और विवाह का विरोध किया. इसके बाद दोनों को महुआ लाया गया, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया. हालांकि दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे.
महावीर मंदिर में लिए सात फेरे
दोनों के बालिग होने के कारण किसी ने उन पर दबाव बनाना उचित नहीं समझा. रविवार सुबह प्रेमी युगल पुरानी बाजार स्थित महावीर मंदिर पहुंचा. वहां स्थानीय पुजारी ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया. सात फेरे लेने और सिंदूरदान के बाद दोनों ने एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया.
विरोध और मारपीट के आरोप से तनाव
विवाह के दौरान प्रेमी पक्ष के कुछ लोगों द्वारा शादी का विरोध किए जाने और युवक के साथ मारपीट करने का भी आरोप सामने आया. इससे कुछ समय के लिए मंदिर परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया. हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और विवाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.
शादी के बाद साथ रवाना हुआ दंपती
विवाह संपन्न होने के बाद नवविवाहित दंपती अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया. महावीर मंदिर में हुई इस अंतरजातीय प्रेम विवाह की चर्चा महुआ और आसपास के क्षेत्रों में बनी हुई है.
