महुआ. महुआ थाना क्षेत्र की फतहपुर पकड़ी पंचायत के वार्ड नंबर 11 स्थित चांदसराय गांव के सहनी टोला में हुई भीषण अगलगी की घटना में आठ घर व घर के अंदर रखे सभी सामान जल गये. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पार काबू पाया. चांदसराय गांव के सहनी टोला में बुधवार को अचानक लगी आग से तपेश्वर सहनी, राधे सहनी, आनंदी सहनी, मोहन सहनी, सोहन सहनी, राजन सहनी, सुमन सहनी और सोहनू सहनी के झोपड़ीनुमा घर जलकर राख हो गए. अगलगी की इस घटना में घरों में रखे बर्तन, राशन, बिस्तर, साइकिल, नकदी सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गये. जानकारी के अनुसार चांदसराय गांव के सहनी टोला के एक घर में आग लग गयी. घर के सदस्यों के शोर मचाने पर वहां आसपास के लोग जुट गए. इससे पहले कि मौके पर जुटे लोग आग बुझाने का प्रयास करते, तेज पछुआ हवा के झोंके की वजह से आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास के आठ घरों को अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर जुटे लोग चापाकल की मदद से आग बुझाने का प्रयास करने लगे. साथ ही इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. जबतक आग पर काबू पाया जाता, तब तक घर समेत घर में रखा सारा सामान जल कर राखा हो चुका था. अगलगी की घटना के बाद अग्निपीड़ित खुले आसमान के नीचे आ गये हैं. अग्निपीड़ितों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय पंचायत समिति सदस्य रिंकू कुसुम और विजय कुमार समेत अन्य लोगों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया. उन्होंने अंचल कार्यालय से संपर्क कर अग्निपीड़ितों को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
