hajipur news. परीक्षा देकर घर लौट रही छात्राओं से छेड़खानी का विरोध करने पर उचक्कों ने इ-रिक्शा चालक को पीटा

बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरा गांव स्थित निर्माणाधीन पुल के पास हुई घटना, सूचना के काफी देर बाद तक पुलिस के नहीं आने पर गुस्साए लोगों ने सड़क की जाम

हाजीपुर/ बिदुपुर . हाजीपुर से मैट्रिक की परीक्षा देकर इ-रिक्शा से घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी करने का विरोध करने पर बाइक सवार उचक्कों ने इ-रिक्शा चालक की जमकर पिटाई कर दी. उचक्कों की पिटाई से इ-रिक्शा चालक बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी गनौर भगत उर्फ राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना बिदुपुर पुलिस को दी गयी, लेकिन काफी देर बाद भी जब पुलिस नहीं पहुंची, तो आक्रोशित लोगों ने हाजीपुर-महनार मार्ग को कुतुबपुर चौक के पास जाम कर दिया. सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया. जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर बिदुपुर थाना क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी गनौर भगत अपने गांव की छात्राओं को हाजीपुर परीक्षा केंद्र से मैट्रिक परीक्षा दिला कर घर लौट रहा था. इसी दौरान बाइक सवार उचक्के इ-रिक्शा सवार छात्राओं पर फब्तियां कसने लगे. चालक ने बाइक सवार युवकों को कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माने. चालक ने जब इसका विरोध किया तो बाइक सवार युवकों ने बिदुपुर थाना क्षेत्र के मथुरा गांव स्थित सिक्सलेन पुल के पास इ-रिक्शा रोक कर चालक की जमकर पिटाई कर दी. लोगों को मौके पर जुटते देख सभी युवक मौके से फरार हो गये. इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना बिदुपुर थाना की पुलिस को दी. सूचना देने के काफी देर बाद तक पुलिस के पहुंचने से लोग आक्रोशित हो गये. वहीं घटना की सूचना पर पहुंची छात्रा तथा चालक के परिजनों ने घायल चालक का स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज कराया.

दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार

स्थानीय लोगों ने बताया कि छात्रा के साथ छेड़खानी तथा ई-रिक्शा चालक की पिटाई की सूचना के बाद भी पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से आक्रोशित लोगों ने कुतुबपुर चौक पर बांस बल्ला लगाकर हाजीपुर-महनार मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गयी. सड़क जाम की सूचना मिलने पर जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची लोग आक्रोशित हो गए. इस दौरान पुलिस को लोगाें के कोपभाजन का शिकार भी होना पड़ा. लोगों ने आरोप लगाया कि छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाले मनचलों को पकड़ने के बजाय पुलिस लोगों को केस में फंसाने की धमकी दे रही थी. जिससे लोग आक्रोशित हो गये थे. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे बिदुपुर थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियाें के सहयोग से सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोगों को समझा कर शांत कराया तथा लगभग तीन घंटे बाद सड़क से लोगों को हटा कर यातायात शुरू कराया. इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल के पास बाइक सवार युवकों ने एक ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी थी. जिससे आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया था. लोगों को समझा कर शांत कराने के बाद जाम हटवा दिया गया है. इस मामले में घायल चालक का बयान दर्ज कर लिया गया है. युवकों की पहचान करने की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >