Hajipur Train News : प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेल ने दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के बीच दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है. ये ट्रेनें पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, मानसी और सहरसा होकर चलेंगी.
03201/03202 परीक्षा स्पेशल का परिचालन
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 03201 पूर्णिया कोर्ट-दानापुर परीक्षा स्पेशल प्रत्येक रविवार और बुधवार को पूर्णिया कोर्ट से शाम 4 बजे खुलेगी. यह बेगूसराय, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर और पाटलिपुत्र में ठहरते हुए अगले दिन सुबह 3:30 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वापसी में 03202 दानापुर-पूर्णिया कोर्ट परीक्षा स्पेशल प्रत्येक सोमवार और बुधवार को शाम 7:30 बजे दानापुर से खुलकर हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए अगले दिन सुबह 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी. इस ट्रेन में 14 शयनयान, 4 सामान्य और 2 एसएलआरडी सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे.
03207/03208 परीक्षा स्पेशल भी चलेगी
गाड़ी संख्या 03207 पूर्णिया कोर्ट-दानापुर परीक्षा स्पेशल प्रत्येक सोमवार और बुधवार को पूर्णिया कोर्ट से शाम 4 बजे प्रस्थान करेगी. यह समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर और पाटलिपुत्र होते हुए अगले दिन सुबह 3:30 बजे दानापुर पहुंचेगी.
वापसी में 03208 दानापुर-पूर्णिया कोर्ट परीक्षा स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को शाम 7:30 बजे दानापुर से रवाना होकर हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के रास्ते अगले दिन सुबह 8:30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी. इस ट्रेन में 5 शयनयान, 7 सामान्य और 2 एसएलआरडी सहित कुल 14 कोच लगाए जाएंगे.
हाजीपुर सहित कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन से हाजीपुर सहित उत्तर एवं पूर्व बिहार के हजारों अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में आने-जाने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
