Candle March : हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के दिग्घी में मॉर्निंग वॉक के दौरान ठेकेदार की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में सोमवार की शाम स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखा. घटना के विरोध में बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों ने दिग्घी से गांधी चौक तक कैंडल मार्च निकाला और मृतक को न्याय दिलाने की मांग की.
हाथों में मोमबत्ती लेकर सड़क पर उतरे लोग
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर घटना के खिलाफ अपना विरोध जताया. प्रदर्शनकारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी भी दिखी. लोगों ने हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की.
मॉर्निंग वॉक के दौरान मारी थी गोली
मालूम हो कि पिछले गुरुवार की सुबह ठेकेदार मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान घात लगाए चार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गयी थी. घटना के बाद से दिग्घी इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है.
