Hajipur News: शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार के दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र लाभुकों को जिला पदाधिकारी ने एक-एक लाख रुपये के सावधि जमा (फिक्स्ड डिपॉजिट) प्रमाण-पत्र प्रदान किए.
मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत एक लाभुक को एक लाख रुपये का सावधि जमा प्रमाण-पत्र दिया गया. वहीं मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत गोरौल निवासी सुनील कुमार को एक लाख रुपये का सावधि जमा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया.
सामाजिक समरसता बढ़ाने का उद्देश्य
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज में जातिगत भेदभाव, छुआछूत और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना है. साथ ही सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और विशेष परिस्थितियों में विवाह करने वाले दंपतियों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना भी इन योजनाओं का लक्ष्य है.
समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में पहल
जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह की योजनाएं समाज में समानता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को मजबूती प्रदान करती हैं. आर्थिक सहायता मिलने से लाभुकों को नई जिंदगी शुरू करने में मदद मिलती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है.
