वैशाली: महुआ में STF की बड़ी कार्रवाई, दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार; पिस्टल-कारतूस और बाइक बरामद

हाजीपुर में मवेशी व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Hajipur Crime : वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) और जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 7 एमएम की पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. दोनों की गिरफ्तारी 1 सितंबर को महुआ थाना क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात से जोड़कर की जा रही है.

हत्या के बाद पुलिस ने बिछाया था जाल

पुलिस मुख्यालय विशेष कार्य बल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 सितंबर को महुआ थाना क्षेत्र में तीन अज्ञात अपराधियों ने मवेशी व्यापारी पिता-पुत्र से लूटपाट की नीयत से गोलीबारी की थी. इस घटना में पिता लक्ष्मण राय की मौके पर ही गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया था. मामले में महुआ थाना कांड संख्या 933/26 दर्ज किया गया था.

तकनीकी सर्विलांस से मिला सुराग

हत्या की इस घटना के बाद STF और वैशाली जिला पुलिस की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय आसूचना के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई. पुख्ता सुराग मिलने के बाद महुआ थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया.

दोनों गिरफ्तार अपराधियों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार, पिता महेंद्र राय, निवासी सुस्ता, थाना कच्ची पक्की, जिला मुजफ्फरपुर और कुंदन कुमार, पिता सिकंदर राय, निवासी शुगरी डीह चक शंभू, जिला सीतामढ़ी के रूप में हुई है. गिरफ्तारी के बाद दोनों से पूछताछ कर पुलिस घटना में उनकी भूमिका और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है.

मनीष के खिलाफ पहले से दर्ज हैं पांच मामले

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि गिरफ्तार अपराधियों में मनीष कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ वैशाली और मुजफ्फरपुर जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में कुल पांच आपराधिक कांड दर्ज होने की बात सामने आई है.

तीसरे फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस अब हत्या और लूट की इस वारदात में शामिल तीसरे फरार साथी की तलाश में जुटी है. इसके साथ ही गिरफ्तार दोनों आरोपियों की अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता को लेकर भी गहन छानबीन की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >