हाजीपुर: सिक्सलेन पुल पर हाइवा में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, दो दोस्तों की मौत, तीन घायल

हाजीपुर में सिक्सलेन पुल पर एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक हाइवा से जा टकराई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Road accident in Hajipur : बिदुपुर में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल पर चकसिकंदर के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे हाइवा में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार दो दोस्तों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में एक की स्थिति गंभीर बतायी गयी, जिसे बिदुपुर में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया. वहीं, कार में सवार दो अन्य युवक मामूली रूप से घायल होने के बाद दोनों मृतकों को देखकर मौके से फरार हो गये.

तेज रफ्तार के कारण चालक ने खोया नियंत्रण

एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे बिदुपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर सिक्सलेन पुल पर यह हादसा हुआ. तेज गति से जा रहे चारपहिया वाहन के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद कार आगे चल रहे हाइवा में पीछे से जा टकरायी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गये.

कार में फंसे घायलों को स्थानीय लोगों ने निकाला

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

ज्ञान रंजन और प्रिंस की हुई मौत

हादसे में अमेर गांव निवासी ज्ञान रंजन कुमार (25), पिता उमेश राय और मधुरापुर दिलावरपुर गोवर्धन गांव निवासी प्रिंस कुमार (25), पिता इंद्रजीत कुमार की मौत हो गयी. गंभीर रूप से घायल मायाराम हाट निवासी विशाल कुमार (32), पिता रंजीत राय को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया.

दो घायल मृतकों को देखकर मौके से भागे

कार में सवार दो अन्य युवक भी हादसे में मामूली रूप से घायल हुए थे. दोनों मृतकों को देखकर मौके से फरार हो गये. पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है. थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि कार और लॉरी की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे. इनमें दो मामूली रूप से घायल युवक मौके से निकल गये हैं.

एक वीडियोग्राफर था, दूसरा प्रतियोगिता की कर रहा था तैयारी

ज्ञान रंजन कुमार अमेर गांव का रहने वाला था और वीडियोग्राफी का काम करता था. वहीं प्रिंस कुमार ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके घरों में मातम पसर गया. घटना से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गये शव

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. परिजनों की ओर से आवेदन या फर्द बयान मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >