हाजीपुर. राजापाकर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी आइडी बनाकर ब्लैकमेल करने और उसका आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में महज तीन घंटे के भीतर महिला थाने की पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस ने इस मामले में आइटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह जानकारी एसपी ललित मोहन शर्मा ने मंगलवार को मीडिया को दी. एसपी ने बताया कि मंगलवार को महिला थाने की पुलिस को एक शिकायत मिली थी. पीड़िता ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री के फेसबुक फ्रेंड बने आयुष सिंह नामक युवक ने 2021 से उसका शोषण किया. आरोप है कि जब किशोरी ने युवक से मिलने से इंकार किया, तो वह इंस्टाग्राम पर फर्जी आइडी बनाकर अन्य परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजने लगा. इसके अलावा, अलग-अलग नंबरों से फोन कर धमकी दे रहा था कि वह आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा.
तकनीकी जांच से आरोपित गिरफ्तार
शिकायत मिलने के बाद महिला थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया. आरोपित की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी नरेंद्र सिंह के पुत्र आयुष सिंह के रूप में हुई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
