Patepur Road Accident : हाजीपुर के पातेपुर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बलिगांव थाना क्षेत्र के चिकनौटा चौक के पास एनएच-28 पर तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
चिकनौटा चौक के पास हुआ हादसा
बलिगांव थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-28 स्थित चिकनौटा मुख्य मार्ग पर रविवार की रात तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी.
ससुराल जाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने घर से बाइक से समस्तीपुर जिले के सातनपुर गांव स्थित ससुराल जा रहा था. इसी दौरान चिकनौटा चौक के पास ताजपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे टाटा मालवाहक वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद वाहन लेकर भागा चालक
हादसे के बाद मालवाहक वाहन का चालक मौके पर नहीं रुका. वह वाहन लेकर मुजफ्फरपुर की ओर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बलिगांव थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामजीवन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के गणिपुर बेझा गांव निवासी रामलक्षण राम के पुत्र अशोक राम के रूप में हुई है.
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये. लोगों ने एनएच-28 पर सड़क जाम कर आक्रोश जताया. जाम के कारण मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. बाद में लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराया गया.
देर शाम ससुराल जाने से परिजनों ने किया था मना
परिजनों के अनुसार, अशोक राम के घरवाले उसे देर शाम ससुराल जाने से मना कर रहे थे. इसके बावजूद वह बाइक से ससुराल के लिए निकल गया. रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं.
शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को अशोक राम का शव घर लाया गया. शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. शव देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
परिजनों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान पर बलिगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस फरार मालवाहक वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है. हादसे की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
