बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल

छपरा-पटना मुख्य मार्ग के डोरीगंज थाना क्षेत्र के मुसेपुर बंगला के पास बोलेरो व बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी

छपरा. छपरा-पटना मुख्य मार्ग के डोरीगंज थाना क्षेत्र के मुसेपुर बंगला के पास बोलेरो व बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर निवासी ठाकुर राय का 28 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार है, जबकि जख्मी युवक की पहचान इसी गांव के नारायण राय का पुत्र 28 वर्षीय गुड्डू कुमार बताया गया है. यह घटना शुक्रवार रात्रि के लगभग 10 बजे की है. जानकारी के अनुसार दोनों युवक गड़खा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर के निवासी हैं. शुक्रवार की शाम राहुल कुमार अपने गांव के ही मित्र गुड्डू कुमार के साथ पूर्वी बलुआ निवासी दीनदयाल राय के यहां शादी समारोह में गया था. वहां से भोजन कर वापस घर लौट रहा था तभी मूसेपुर चौक पर दिघवारा की तरफ से आ रही बोलेरो ने धक्का मार दिया. जख्मी अवस्था में लोगों ने अस्पताल पहुंचाया : इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अवतार नगर थाना की पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद दोनों को जख्मी अवस्था मे ग्रामीणों की मदद से इलाज के दिघवारा अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सक ने राहुल को मृतक घोषित कर दिया और गुड्डू की गंभीर स्थिति देखते हुए पटना रेफर कर दिया. घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर छपरा की तरफ फरार हो गया. जबकि दुर्घटनाग्रस्त बाइक अवतार नगर पुलिस थाने में ले आयी. राहुल कुमार के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, इस घटना में जख्मी उसके साथी गुड्डू की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है. इस हादसे से अख्तियारपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है. जिस घर के युवक खुशी के साथ शादी समारोह में गये थे, वहां अब मातम पसरा हुआ है. उधर घटनास्थल के आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर आये दिन दुर्घटना हो रही है. वाहन चालकों का स्पीड पर कोई कंट्रोल नहीं रह गया है. गति अवरोधक भी कहीं नहीं लगाया गया है. ट्रक और ट्रैक्टर की चपेट में आकर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Deepak Raj

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >