वैशाली में मुख्यमंत्री के आह्वान पर एक्शन: सरकारी गाड़ी छोड़ पैदल निकलीं डीएम, नो व्हीकल डे की हुई शुरुआत

Bihar News: मुख्यमंत्री के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने शनिवार को सरकारी आवास से पैदल चलकर समाहरणालय पहुंचकर एक नई पहल की शुरुआत की. जिला प्रशासन ने हर शनिवार को नो व्हीकल डे के रूप में मनाने का निर्णय लिया है.

Bihar News:(कैफ अहमद) वैशाली में मुख्यमंत्री के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण संबंधी आह्वान को आगे बढ़ाते हुए जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने शनिवार को एक प्रेरणादायक पहल की. डीएम अपने सरकारी आवास से लगभग दो किलोमीटर पैदल चलकर समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय पहुंचीं और नियमित कार्यों का निष्पादन किया. उनकी इस पहल ने न केवल सरकारी तंत्र बल्कि आम लोगों के बीच भी सकारात्मक संदेश दिया है.

कई पदाधिकारी भी पैदल पहुंचे कार्यालय

डीएम वर्षा सिंह के साथ कई अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी पैदल चलकर समाहरणालय पहुंचे. सड़क पर जिलाधिकारी और अधिकारियों को पैदल चलते देख लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.

हर शनिवार मनाया जाएगा नो व्हीकल डे

जिला प्रशासन ने प्रत्येक शनिवार को नो व्हीकल डे के रूप में मनाने का निर्णय लिया है. इस पहल के तहत सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की गई है. प्रशासन ने कर्मचारियों से बस, ऑटो, ई-रिक्शा समेत अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करने और छोटे कार्यों के लिए पैदल या साइकिल अपनाने का आग्रह किया है.

डीएम ने बताया क्यों जरूरी है यह पहल

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पेट्रोलियम पदार्थों की बचत बेहद जरूरी है. इससे न केवल आर्थिक संसाधनों की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण में कमी और ऊर्जा संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी पहल से भी समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है.

लोगों ने बताया प्रेरणादायक कदम

जिला प्रशासन की इस पहल को लेकर लोगों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली. आम नागरिकों का कहना है कि जब जिले की सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी स्वयं पैदल चलकर लोगों को जागरूक कर रही हैं. यह समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है. इस दौरान सदर एसडीओ रामबाबू बैठा, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार समेत कई अन्य अधिकारी भी पैदल समाहरणालय पहुंचे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

raginisharma is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >