हाजीपुर में बड़ा हादसा टला: देर रात बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, बाल-बाल बचा परिवार

Bihar Road Accident: हाजीपुर के महुआ थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा टाड़ा गांव में देर रात बिसलेरी पानी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर घर की चहारदीवारी तोड़ते हुए अंदर घुस गया. हादसे में चालक घायल हो गया, जबकि घर के लोग बाल-बाल बच गए.

Bihar Road Accident: (दिलीप कुमार) हाजीपुर जिले के महुआ थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा टाड़ा गांव में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बिसलरी पानी की बोतलों से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक घर की चार दीवारी तोड़ते हुए परिसर में घुस गया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तेज आवाज सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. इस घटना में ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि घर में मौजूद लोग सुरक्षित बच गए.

हाजीपुर से समस्तीपुर जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, बिसलरी पानी की बोतलों से लदा ट्रक हाजीपुर से समस्तीपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान महुआ थाना क्षेत्र के ताजपुर मार्ग स्थित सिंघाड़ा टाड़ा गांव के पास चालक अचानक वाहन से संतुलन खो बैठा. नियंत्रण बिगड़ने के बाद ट्रक सीधे स्थानीय निवासी सुरेंद्र राय के घर की चार दीवारी से टकरा गया और दीवार तोड़ते हुए घर के परिसर में घुस गया.

ग्रामीणों ने चालक को निकाला बाहर

हादसे के समय हुई तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों ने देखा कि चालक ट्रक के अंदर फंसा हुआ है. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. बताया जा रहा है कि चालक को चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

घर के लोग बाल-बाल बचे

ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय घर के मालिक सुरेंद्र राय अपने परिवार के साथ घर के पिछले कमरे और छत पर सो रहे थे. यदि ट्रक घर के मुख्य हिस्से तक पहुंच जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों ने बताया कि महज कुछ फीट की दूरी ने पूरे परिवार की जान बचा ली.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चालक का संतुलन कैसे बिगड़ा और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी. घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और लोग इस हादसे को लेकर चर्चा करते रहे.

Also Read: गोपालगंज गोलीकांड का खुलासा: भाई ने ही रची थी हत्या की साजिश, पड़ोसियों को फंसाने का था प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

raginisharma is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >