हाजीपुर. भगवानपुर थाना की गश्ती गाड़ी खराब होने के बाद टोचन कर ले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. वायरल वीडियो में भगवानपुर थाना की पुलिस वैन को एक अन्य वाहन से खींचकर ले जाते देखा जा सकता है. हालांकि, प्रभात खबर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता. स्थानीय लोगों के अनुसार, भगवानपुर थाना की गश्ती गाड़ी रविवार शाम क्षेत्र भ्रमण के लिए निकली थी. जैसे ही गाड़ी अड्डा चौक के पास पहुंची कि वह अचानक खराब हो गयी. इसके बाद किसी अन्य वाहन की सहायता से पुलिस वैन को टोचन कर थाना पहुंचाया गया. इस दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. वीडियो को लेकर लोगों का कहना है कि गश्ती के दौरान पुलिस वैन का खराब होना पुलिस व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है. सवाल उठाया जा रहा है कि अगर इसी दौरान कोई अप्रिय घटना हो जाती, तो पुलिस तत्काल मौके पर कैसे पहुंचती. मालूम हो कि हर महीने एसपी द्वारा जिले के विभिन्न थानों में संचालित पुलिस वैन को पुलिस केंद्र बुलाकर वाहन परेड कराया जाता है. इस दौरान विशेष रूप से गाड़ियों को दुरुस्त रखने पर जोर दिया जाता है और बेहतर रखरखाव करने वाले चालकों को पुरस्कृत भी किया जाता है. इसके बावजूद पुलिस वाहन की यह स्थिति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
