hajipur news. योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे
Copied link
जिले में सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम यशपाल मीणा ने समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की
हाजीपुर. जिले में सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम यशपाल मीणा ने समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनका फीडबैक लिया. डीएम ने हर घर नल जल योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डीएम ने इस तरह की योजनाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी पात्र लाभार्थियों तक इनका लाभ पहुंचाया जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दें, ताकि जो लोग जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित रह जाते हैं, वे भी आगे आकर आवेदन कर सकें.
इस दौरान उन्होंने इन योजनाओं के कई लाभार्थियों से समाहरणालय सभागार में संवाद किया और योजना क्रियान्वयन को लेकर उनसे फीडबैक भी लिया. संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की एक लाभार्थी महिला ने इस योजना को कारगर बताते हुए सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं की सहायता के लिए है. इस योजना का उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक रूप से वंचित वर्ग की महिलाओं को मातृत्व लाभ प्रदान करना है. इसके तहत पात्र महिलाओं को 5,000 रुपये की नकद राशि बतौर सहायता दी जाती है. बैठक में एसडीएम महुआ, डायरेक्टर डीआरडीए, डीआईओ (एनआईसी), जीएम (डीआईसी), कार्यपालक अधिकारी (नगर), डीपीएम (आयुष्मान योजना), कार्यपालक अभियंता (पीएचईडी) और कोऑर्डिनेटर (आईसीडीएस) सहित कई विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।