Hajipur News : हाजीपुर में विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सोमवार को जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आठवें दिन भी काली पट्टी बांधकर अपने-अपने कार्यालयों में कार्य करते रहे. बीडीओ संघ के आह्वान पर यह सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.
छपरा की घटना के बाद सुरक्षा की मांग तेज
बताया गया कि हाल ही में छपरा में हुए नीट परीक्षा विरोध प्रदर्शन के दौरान दो बीडीओ घायल हो गए थे, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. इसके बाद से बीडीओ अपनी सुरक्षा और अन्य लंबित मांगों को लेकर विरोध जता रहे हैं.
अगले आदेश तक जारी रहेगा विरोध
हाजीपुर के बीडीओ अशोक कुमार ने बताया कि संघ के अगले आदेश तक सभी बीडीओ काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि बीडीओ सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ विधि-व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए.
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
बीडीओ संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण उन्हें सांकेतिक विरोध का रास्ता अपनाना पड़ा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. संघ ने स्पष्ट किया कि विरोध प्रदर्शन के बावजूद आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी. सभी बीडीओ नियमित रूप से कार्यालयों में उपस्थित होकर सरकारी कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं. इस सांकेतिक विरोध को लेकर प्रशासनिक महकमे में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है.
