Hajipur News : हाजीपुर शहर के पोखरा मुहल्ला स्थित एक निजी विवाह भवन परिसर में रविवार को परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ की वैशाली जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह तिरहुत स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद बंसीधर ब्रजवासी शामिल हुए. बैठक की शुरुआत में शिक्षकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
सरप्लस और जबरन स्थानांतरण का मुद्दा उठा
बैठक में शिक्षकों ने विधान पार्षद के समक्ष सरप्लस शिक्षकों की समस्या, जबरन स्थानांतरण, हाउस रेंट में कटौती, नियोजित शिक्षकों के लंबित वेतन, बकाया वेतन भुगतान, प्रोन्नति तथा उर्दू विद्यालयों में गुरुवार को हाफ डे सहित कई समस्याएं प्रमुखता से रखीं. शिक्षकों ने बताया कि वर्षों से अपने विद्यालय में कार्यरत कई शिक्षकों को सरप्लस घोषित कर दिया गया है. उनका कहना था कि स्थानांतरण की प्रक्रिया वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप होने के बजाय कई मामलों में जबरिया स्थानांतरण जैसी स्थिति पैदा कर रही है.
लंबित वेतन और प्रोन्नति पर भी नाराजगी
शिक्षकों ने हाउस रेंट में कटौती और लंबित वेतन भुगतान को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई. उन्होंने बकाया वेतन के जल्द भुगतान, प्रोन्नति की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा शिक्षकों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की.
हाफ डे की मांग पूरी होने पर सरकार को दी बधाई
विधान पार्षद बंसीधर ब्रजवासी ने शनिवार को सरकारी विद्यालयों में हाफ डे किए जाने की शिक्षकों की मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने शिक्षकों को भी बधाई दी. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की इस मांग को सदन के अंदर और बाहर लगातार उठाया गया, जिसके बाद सरकार ने इसे स्वीकार किया.
शिक्षकों के हक के लिए संघर्ष जारी रखने का भरोसा
बंसीधर ब्रजवासी ने कहा कि शिक्षकों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों, मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा. उन्होंने कहा, "शिक्षकों ने बड़ी उम्मीद और विश्वास के साथ मुझे सदन में भेजा है. मैं उनकी समस्याओं की अनदेखी कभी नहीं कर सकता. शिक्षकों के हक और अधिकार के लिए मेरा संघर्ष लगातार जारी रहेगा."
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की आवाज उठाने के कारण उन्हें पहले शिक्षक पद से बर्खास्त किया गया था और यही शिक्षक उन्हें सदन तक लेकर आए हैं. यदि शिक्षकों की आवाज सदन में उठाने के कारण उन्हें किसी भी प्रकार की कार्रवाई या बर्खास्तगी का सामना करना पड़े, तो वह भी उन्हें स्वीकार है, लेकिन शिक्षकों की आवाज उठाने से वह पीछे नहीं हटेंगे.
संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा
बैठक में संगठन को मजबूत करने और शिक्षकों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने पर भी चर्चा हुई. मौके पर जिलाध्यक्ष दिनेश पासवान, जिला सचिव नवनीत कुमार, कोषाध्यक्ष इंद्रदेव महतो, प्रखंड अध्यक्ष राजू रंजन चौधरी, जिला सचिव नागमणि, अब्दुल कादिर, संतोष कुमार राय, लालगंज प्रखंड अध्यक्ष विकास रौशन, सेवानिवृत्त शिक्षक अजीमुद्दीन अंसारी, महासचिव कौसर प्रवेज खान, अरविंद यादव, महासचिव सुनील, सचिव रत्नेश, अमरनाथ, हिमांशु, हरि ब्रजकमल, प्रमोद भारती, पप्पू कुमार, शिवप्रसाद महात्मा, रणधीर यादव, अरविंद केजरीवाल, संतोष यादव सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे.
Also Read: यात्रियों को राहत: भागलपुर के लिए दानापुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए टाइम टेबल और रूट
