Hajipur News: वैशाली जिले के बिदुपुर में आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा गणिनाथ गोबिंद का जन्मोत्सव आगामी 5 सितंबर को हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. जन्मोत्सव को लेकर शनिवार को मंदिर परिसर में विधिवत झंडापूजन का आयोजन किया गया. आचार्य अमोद झा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई. मान्यता और पुरानी परंपरा के अनुसार कृष्ण जन्माष्टमी के उपरांत पड़ने वाले शनिवार को बाबा गणिनाथ गोबिंद भगवान का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है.
सरकारी पूजा के उपरांत आम श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे कपाट
बाबा गणिनाथ गोबिंद न्यास कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 5 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे विधिवत सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खोल दिए जाएंगे. इसके बाद श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन कर सकेंगे. पुरानी परंपरा के तहत मन्नत पूरी होने पर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु मंदिर परिसर में अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी संपन्न कराएंगे.
सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस बल व SDRF की मांग
जन्मोत्सव के अवसर पर जुटने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ और मेले को देखते हुए जिला प्रशासन से पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) एवं पुलिस बल की तैनाती का आग्रह किया गया है. वहीं गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए घाट किनारे सुरक्षा हेतु एसडीआरएफ (SDRF) टीम को मुस्तैद रखने की मांग की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
व्यवस्थित मेला और दुकानों के लिए निर्देश जारी
न्यास कमेटी ने मेले में आने वाले दुकानदारों को खिलौने, खान-पान, फर्नीचर, घरेलू सामान और झूलों को निर्धारित स्थल पर कतारबद्ध तरीके से लगाने का निर्देश दिया है, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई असुविधा न हो. इस दौरान न्यास कमेटी के अध्यक्ष मोहन साह, सचिव जय प्रकाश साह, कोषाध्यक्ष क्रांति कुमार, ट्रस्टी सदस्य विद्यानंद साह, शशि भूषण प्रसाद, मुन्ना कुमार, प्रेम कुमार, किशनदेव साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
