गोरौल. सोमवार को क्षेत्रीय स्वास्थ्य अपर निदेशक डॉ सरिता शंकर ने पीएचसी गोरौल और एपीएचसी सोंधो का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान पीएचसी गोरौल में तीन डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए. तीनों डॉक्टरों की हाजिरी काटते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है. इसकी जानकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने दी. निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने अस्पताल की साफ-सफाई का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य प्रबंधक रेणु कुमारी से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के एपीएचसी सोंधो का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने मरीजों से बातचीत की. निरीक्षण के दौरान खासतौर पर उन्होंने शौचालय और बेड की साफ-सफाई की जांच की और यहां की स्वच्छता से संतुष्ट दिखे. चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सत्यनारायण पासवान से अस्पताल से संबंधित चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है. उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को समय पर अस्पताल आने का निर्देश दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
