गोपालगंज: विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत सोमवार को गोपालगंज जिले के बनकटामल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-57 पर गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और उनके परिवार के सदस्यों को स्तनपान के महत्व तथा बच्चों के बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करना था.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) रंजना कुमारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) किरण कुमारी ने की. महिला पर्यवेक्षिका लक्ष्मी देवी, प्रखंड समन्वयक सीता सिंह और आंगनबाड़ी सेविका मीना देवी की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में भोरे प्रखंड के सेक्टर-3 की सभी आंगनबाड़ी सेविकाएं शामिल हुईं.
जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान जरूरी
इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम "जीवन की सतत और स्वस्थ शुरुआत के लिए स्तनपान : प्रभावी प्रयासों को और मजबूत बनाएं" रखी गई है.
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि एक से सात अगस्त तक जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता कार्यक्रम, गोदभराई, अन्नप्राशन, शपथ ग्रहण और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि नवजात शिशु को जन्म के एक घंटे के भीतर मां का दूध देना चाहिए. पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही बच्चे के लिए संपूर्ण आहार होता है. इसके बाद दो वर्ष या उससे अधिक समय तक पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखना बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक विकास के लिए जरूरी है.
स्तनपान को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शपथ ली कि वे प्रत्येक नवजात को समय पर स्तनपान शुरू कराने और परिवारों को इसके लिए जागरूक करेंगे. साथ ही माताओं का सम्मान करने, कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी ने प्रशांत किशोर को दी जीत की बधाई, 1995 के बाद पहली बार बांकीपुर में हारी बीजेपी
