Gopalganj News : हथुआ नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 में हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है. सड़क और नाला नहीं होने के कारण मोहल्ले के लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के बाद सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है.
बारिश होते ही सड़क बनी मुसीबत
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में बारिश के बाद सड़कें पानी और कीचड़ से भर जाती हैं. लोगों को जरूरी काम के लिए भी जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लंबे समय से बनी हुई है.
स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी
जलजमाव के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. वहीं, बुजुर्गों के लिए पानी और कीचड़ से भरे रास्ते पर चलना जोखिम भरा हो गया है. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द सड़क और नाला निर्माण कराने की मांग की है.
तीन साल से सड़क-नाला निर्माण का इंतजार
वार्डवासियों के अनुसार नगर पंचायत की ओर से पूरे नगर क्षेत्र में सड़क और नाला निर्माण कराने की बात कही जाती है, लेकिन वार्ड संख्या 10 की स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है. लोगों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से सड़क और नाला निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है.
विकास के दावों पर लोगों ने उठाए सवाल
लगातार जलजमाव से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन के विकास कार्यों के दावों पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि अगर सड़क और नाला निर्माण हो जाए तो जलजमाव की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है. लोगों ने नगर प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है.
जल्द निर्माण कराने का मिला भरोसा
इस संबंध में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रौशन कुमार से संपर्क किया गया. उन्होंने बताया कि जल्द सड़क और नाला निर्माण कराया जाएगा, जिससे जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
