Gopalganj Road Accident : बिहार के गोपालगंज जिले में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास एसएच-90 पर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, जबकि दूसरा ट्रक एक मकान में जा घुसा. स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
रात 2:30 बजे एसएच-90 पर हुआ हादसा
यह दर्दनाक दुर्घटना बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के एसएच-90 (SH-90) की है. बीती रात करीब ढाई बजे बालू लेने जा रहे एक खाली ट्रक और बालू से लदे दूसरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. रात के अंधेरे में हुए इस खौफनाक हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे.
खाली ट्रक के उड़े परखच्चे, मकान में घुसी दूसरी गाड़ी
इस भीषण दुर्घटना में बालू लेने जा रहे खाली ट्रक के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए. वहीं, बालू से लदा हुआ दूसरा भारी ट्रक अनियंत्रित होकर एसएच-90 के किनारे बने डॉक्टर उपेंद्र कुमार सिंह के मकान में जा घुसा. आधी रात को मकान में ट्रक घुसने से इलाके में काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पश्चिम चंपारण के रहने वाले अमरेश की हुई मौत
इस सड़क दुर्घटना में 37 वर्षीय अमरेश कुमार तिवारी की जान चली गई. मृतक की पहचान पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले के साढ़ी थाना क्षेत्र स्थित नोनी पापड़ गांव निवासी स्वर्गीय होसिला तिवारी के पुत्र के रूप में हुई है. हादसे की दुखद खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है.
मौके पर पहुंची बैकुंठपुर थाना पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हालात को संभाला और शव को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया.
Also Read : बिहार में शिक्षकों के तबादले के नियम बदले, अब ई-शिक्षाकोष पोर्टल से होगा ट्रांसफर, पुरानी अर्जियां रद्द
