gopalganj news : ज्येष्ठ में भादो जैसी तेज हवा के साथ झूमकर बरसे बदरा, शहर की डूबीं सड़कें

gopalganj news : 63.4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा के साथ 1.10 घंटे हुई जमकर बारिश, बिजली कटी, जिले भर में सैकड़ों पेड व बिजली के खंभे ध्वस्त, सात प्रखंडों में बिजली आपूर्ति ठप, शहर की प्रमुख सड़कें बनी नाला, अस्पताल व शिक्षा विभाग के कैंपस में घुटना भर पानी

gopalganj news : गोपालगंज. मौसम का मिजाज ज्येष्ठ के महीने में बदला हुआ है. ज्येष्ठ में भादो जैसे तेज हवा के साथ झूमकर बदरा बरसे. सोमवार की दोपहर एक-दो बजे 63.4 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा के साथ 1.10 घंटे तक जमकर बारिश हुई. इस दौरान 49 एमएम बारिश रिकॉर्ड दर्ज किया गया.

तेज हवा व बारिश के कारण शहर की बिजली एहतियातन काट दी गयी. तेज हवा के कारण सैकड़ों पोल व पेड़ ध्वस्त हो गये, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. शहर में पेड़ों के गिरने से देर रात तक बिजली बाधित रही, जबकि गांवों में अंधेरा छाया रहा और लोगों को मोमबत्ती जलाकर काम करना पड़ा. ग्रामीण इलाकों में अगले 24 से 49 घंटे तक आपूर्ति बहाल होने के आसार हैं. उधर, आंधी-पानी के कारण पूरा शहर पानी-पानी हो गया. कलेक्ट्रेट से लेकर सदर अस्पताल, शिक्षा विभाग और रजिस्ट्री कचहरी परिसर में पानी जमा हो गया.

नाले का बदबूदार पानी सड़कों पर बहने से हालात नारकीय हो गये. ड्रेनेज सिस्टम और नालों की सफाई नहीं होने से स्थिति और बिगड़ी. नगर परिषद के दावों की पोल खुलकर सामने आ गयी. शहर की प्रमुख सड़कें झील जैसी दिखने लगीं और नाले का पानी सड़क पर धार बनकर बहने लगा. सदर अस्पताल, शिक्षा विभाग, आंबेडकर चौक से बंजारी रोड, जादोपुर चौक से मौनिया चौक, थाना चौक से हजियापुर रोड तक जलजमाव की स्थिति बनी रही.

बारिश में डूबीं शहर की प्रमुख सड़कें

– जनता सिनेमा रोड में मंदिर के सामने से शिक्षा विभाग तक

– बंजारी से काली स्थान रोड में सिंह मेडिकल तक

– मिंज स्टेडियम रोड से काली स्थान रोड तक

– जादोपुर रोड में डीडीसी के आवास से चौराहे तक

– जादोपुर चौक से लखपतियां मोड़ तक नाला बनी सड़क

– सरेया वार्ड नं एक में हाइवे से मोहल्ले तक- पुरानी चौक से थाना रोड तक सड़क पर नाले का पानी बहा

– बस स्टैंड से राजेंद्र नगर जाने वाली सड़क डूबी रही

मुहल्लों में घरों में कैद रहने की मजबूरी

शहर की प्रमुख सड़कों को छोड़ दें, तो मोहल्लों की स्थिति और भी नारकीय हो गयी. राजेंद्र नगर, स्टेशन रोड, मिंज स्टेडियम रोड और काली स्थान रोड में लोगों के चौखट तक नाले का पानी पहुंच गया, जिससे लोग घरों में कैद रहने को मजबूर रहे. नाले का पानी नहीं निकलने से स्थिति और खराब हो गयी. जरूरत पड़ने पर ही लोग घरों से बाहर निकल सके, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया.

तेज पुरवा हवाओं से बदला मौसम का मिजाज

सोमवार की सुबह आसमान साफ रहा. पुरवा हवा 22.6 किमी की रफ्तार से चलती रही. दिन चढ़ने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ी और दोपहर एक बजे के बाद कटेया, विजयीपुर, भोरे, पंचदेवरी, कुचायकोट, शहर व बैकुंठपुर तक बादलों ने घेर लिया. इसके साथ तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई. एक घंटे तक तेज बारिश के बाद शाम चार बजे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही. इसके बाद मौसम साफ हो गया और गर्मी से राहत मिली. मौसम विज्ञानी डॉ एसएन पांडेय ने बताया कि 29 अप्रैल से मौसम का मिजाज बदलने से प्री-मॉनसून जैसे हालात बने हुए हैं.

सामान्य से 7.5 डिग्री कम रहा तापमान

मौसम विज्ञानी ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री कम होकर 31.5 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे आकर 22.1 डिग्री दर्ज किया गया. आर्द्रता 75 से 87 प्रतिशत दर्ज की गयी, जबकि पुरवा हवा 22.6 किमी की रफ्तार से चलती रही.

अभी एक सप्ताह तक 32 डिग्री से नीचे रहेगा पारा

मौसम विज्ञानी डॉ एसएन पांडेय ने बताया कि आंधी-पानी के कारण मई का अधिकतम तापमान नीचे आया है और यह पूरे सप्ताह जारी रहेगा. बंगाल की खाड़ी में बन रही स्थिति के कारण बादल बनते ही बारिश हो रही है. हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि आगे चलकर जब मौसमी सिस्टम मजबूत होगा तो गर्मी भी बढ़ेगी. पिछले छह दिनों से हवाओं के रुख में बदलाव देखा जा रहा है, जिसका कारण प्रशांत महासागर में अल नीनो का प्रभाव है. इस महीने सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान है, जबकि मानसून के दौरान इसके कमजोर रहने की संभावना जतायी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >