Gopalganj News : अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रीपुर थाना पुलिस ने 303 लीटर देशी शराब बरामद की है. पुलिस ने शराब की खेप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक चार पहिया कार को भी जब्त किया गया है.
पुलिस के अनुसार श्रीपुर थानाध्यक्ष सिंपी कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के रास्ते शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मिश्र बतरहा के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की.
कार की तलाशी में मिली 303 लीटर देशी शराब
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से कुल 303 लीटर देशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके पर ही कार चालक को हिरासत में ले लिया. शराब परिवहन में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया.
देवरिया का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटिया थाना क्षेत्र निवासी रामसूरत गोड़ के पुत्र दीपक कुमार गोड़ के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत श्रीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है.
न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
