Gopalganj News : जेपीयू के स्नातक सत्र 2025-29 के सेमेस्टर टू के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय ने राहत दी है. परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि अब 25 सितंबर तक बढ़ा दी गयी है. पहले फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 22 सितंबर निर्धारित थी. तिथि बढ़ने से फॉर्म भरने से वंचित विद्यार्थियों को तीन दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है. इसके साथ ही कॉलेजों में परीक्षा फॉर्म भरने और कागजात के सत्यापन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी.
कॉलेजों में बढ़ी विद्यार्थियों की आवाजाही
अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण कॉलेजों में विद्यार्थियों की आवाजाही बढ़ गयी है. विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के बाद उसकी हार्ड कॉपी और जरूरी कागजात लेकर कॉलेज पहुंच रहे हैं. कॉलेज स्तर पर कागजात की जांच के बाद परीक्षा फॉर्म का सत्यापन किया जा रहा है.
विद्यार्थियों को अब 25 सितंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भरने के साथ संबंधित कॉलेज में सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी. निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार होने को लेकर विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन करना होगा.
600 रुपये ऑनलाइन जमा करना होगा परीक्षा शुल्क
सेमेस्टर टू की परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को 600 रुपये परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा. ऑनलाइन फॉर्म भरने और शुल्क का भुगतान करने के बाद उसका प्रिंट, भुगतान रसीद, प्रवेश पत्र, पंजीयन पत्र समेत निर्धारित कागजात संबंधित कॉलेज में जमा करने होंगे.
कॉलेज भेजेंगे सत्यापित प्रपत्र
कॉलेज में जमा किये गये परीक्षा प्रपत्रों और कागजात की जांच के बाद परीक्षा फॉर्म का सत्यापन किया जायेगा. इसके बाद कॉलेज स्तर पर प्राप्त परीक्षा प्रपत्रों की जांच और सत्यापन कर समेकित सूची तैयार की जायेगी.
सत्यापित परीक्षा प्रपत्रों को 25 सितंबर तक जेपीयू के परीक्षा विभाग में भेजना होगा. विश्वविद्यालय की ओर से तारीख बढ़ाये जाने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन और कॉलेज स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
