Gopalganj News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) ने स्नातक सीबीसीएस पाठ्यक्रम आधारित तृतीय सेमेस्टर, सत्र 2024-28 की परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है. नए कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा 28 जुलाई से शुरू होकर 5 अगस्त तक चलेगी. गोपालगंज जिले में परीक्षा के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं, जहां जिले के सात डिग्री कॉलेजों के हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे. विश्वविद्यालय ने एडमिट कार्ड भी जारी कर दिया है और सभी कॉलेजों में इसका वितरण शुरू हो गया है.
बीपीएससी परीक्षा के कारण बदला गया कार्यक्रम
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि 26 जुलाई को बीपीएससी परीक्षा के लिए कई परीक्षा केंद्र अधिग्रहित किए गए थे. इसी कारण कुलपति के निर्देश पर परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों के परीक्षा केंद्र में कोई बदलाव नहीं किया गया है और सभी परीक्षाएं पूर्व निर्धारित केंद्रों पर ही आयोजित होंगी.
दो पालियों में होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय के अनुसार लिखित परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. छात्रों की संख्या को देखते हुए विभिन्न विषयों को ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में विभाजित किया गया है. वहीं 7 अगस्त से 14 अगस्त तक संबंधित कॉलेजों में प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी.
परीक्षा में मोबाइल ले जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
विश्वविद्यालय ने परीक्षा को कदाचारमुक्त कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. यदि कोई छात्र मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ पकड़ा जाता है तो उसे जब्त कर लिया जाएगा और वापस नहीं किया जाएगा. इसके अलावा किसी परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग की पुष्टि होने पर उस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी जाएगी और दोबारा परीक्षा आयोजित नहीं होगी.
इन विषयों को ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में बांटा गया
ग्रुप-ए में बॉटनी, जूलॉजी, भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, भोजपुरी, संस्कृत और वाणिज्य (कॉमर्स) शामिल हैं.
ग्रुप-बी में भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, समाजशास्त्र, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, एआईएच एंड सी, संगीत, ग्रामीण अर्थशास्त्र तथा एलएसडब्ल्यू विषय शामिल किए गए हैं.
यह रहेगा संशोधित परीक्षा कार्यक्रम
- 28 जुलाई: एमजेसी पेपर-3.
- 29 जुलाई: एमजेसी पेपर-4.
- 30 जुलाई: एमआईसी पेपर-3.
- 31 जुलाई: (नॉन-कॉलेजिएट छात्रों के लिए) मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स पेपर-3.
- 1 अगस्त: एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स पेपर-3.
- 3 अगस्त: स्किल एन्हांसमेंट कोर्स पेपर-3.
- 5 अगस्त: (कॉलेजिएट छात्रों के लिए) पहली पाली में मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स पेपर-3 (इंडियन नॉलेज सिस्टम एवं इंडियन इकोनॉमिक्स) तथा दूसरी पाली में मल्टीडिसिप्लिनरी कोर्स पेपर-3 (इंट्रोडक्टरी लाइफ साइंस एवं नेशनल मूवमेंट) की परीक्षा होगी.
गोपालगंज में बनाए गए तीन परीक्षा केंद्र
गोपालगंज जिले में परीक्षा के लिए कमला राय कॉलेज, गोपालगंज, महेंद्र महिला कॉलेज, गोपालगंज तथा गोपेश्वर कॉलेज, हथुआ को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेजों को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम तत्काल विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
Also Read : 'जल जीवन हरियाली महोत्सव' की शुरुआत, 15 दिनों में 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य
