Gopalganj News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'जीरो टॉलरेंस' और त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के बीच गोपालगंज के भोरे प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनकटा जागीरदारी में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के मामले की जांच तेज हो गई है. सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर जांच शुरू कर दी.
सोमवार को जिला सहकारिता पदाधिकारी दिव्या झा और आईसीडीएस की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) विद्यालय पहुंचीं. दोनों अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली. अधिकारियों के पहुंचते ही विद्यालय प्रशासन में हलचल मच गई.
छात्राओं से गोपनीय बातचीत, सुरक्षा का दिया भरोसा
जांच के दौरान दोनों महिला अधिकारियों ने छात्राओं से अलग-अलग गोपनीय रूप से बातचीत कर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं. अधिकारियों ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों ने छात्राओं से कहा कि वे बिना किसी डर के अपनी बात रखें. उनकी पहचान और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों से भी हुई पूछताछ
जांच टीम ने विद्यालय प्रशासन एवं संबंधित शिक्षकों से भी विस्तृत पूछताछ की. पूरे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई और घटनाक्रम की समीक्षा की गई.
जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
जिला सहकारिता पदाधिकारी दिव्या झा ने बताया कि छात्राओं के बयान और मौके पर मिली जानकारी के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है. यह रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दिव्या झा, जिला सहकारिता पदाधिकारी ने कहा, छात्राओं के बयानों और मौके की स्थिति के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है. रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी. यदि किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी."
