Gopalganj News: श्रावण मास की पहली सोमवारी के अवसर पर भोरे प्रखंड के सुमेरीछापर, जगतौली, पड़रौना और लामीचौर स्थित बिरुकहा ब्रह्म स्थान से सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई. यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र "हर-हर महादेव" और "जय शिव शंभू" के जयघोष से भक्तिमय हो उठा.
कलश यात्रा का शुभारंभ सुमेरीछापर गांव स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर परिसर से हुआ. श्रद्धालु मंदिर परिसर से पियरौटा, लामीचौर, बंधुछापर, डोमनपुर, पड़रौना, सवनहा और घोरठा होते हुए झरही नदी तट पहुंचे.
झरही नदी तट पर हुआ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन
झरही नदी तट पर आचार्य पंडित सुरेंद्र दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से जल पूजन कराया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा.
1001 कन्याएं बनीं आकर्षण का केंद्र
इस भव्य कलश यात्रा में 1001 कन्याएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं. जल भरने के बाद यात्रा मिश्रौली और कावे गांव होते हुए पुनः नागेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ.
हजारों श्रद्धालुओं ने की सहभागिता
इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान जगतौली ओपी के चौकीदार राजेश साह थे. कार्यक्रम में मुखिया संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह, जगतौली के मुखिया पिंकल कुमार, पूर्व मुखिया आकांक्षा देवी, राजद प्रखंड अध्यक्ष ऋषि यादव सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे.
