Card Swapping Scam: सासामुसा बाजार स्थित एटीएम बूथ में कार्ड बदलकर ठगी करने का प्रयास कर रहे दिल्ली के एक शातिर ठग को स्थानीय पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान दिल्ली के साउथ वेस्ट जिले के हिजवासन थाना क्षेत्र के भीतराला निवासी मुसदिक अंसारी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 19 हजार रुपये नकद और तीन अलग-अलग एटीएम कार्ड बरामद किये हैं.
एटीएम बूथ में कार्ड बदलने का किया प्रयास
थानाध्यक्ष दर्पण सुमन ने बताया कि जादोपुर थाना क्षेत्र के चतुर बगहा गांव निवासी मुकेश कुमार गुप्ता सासामुसा बाजार में खरीदारी करने आये थे. रुपये की जरूरत होने पर वह बाजार स्थित एटीएम बूथ में पैसे निकालने पहुंचे.
इसी दौरान बूथ में पहले से मौजूद मुसदिक अंसारी ने उन्हें झांसा देकर एटीएम कार्ड बदलने का प्रयास किया. मुकेश कुमार गुप्ता को जब शक हुआ तो उन्होंने इसका विरोध किया.
विरोध करने पर आरोपी से हुई कहासुनी
कार्ड बदलने के प्रयास का विरोध करने पर आरोपी उनसे उलझ गया. इसके बाद पीड़ित ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग एटीएम बूथ के पास पहुंच गये और आरोपित को मौके पर ही पकड़ लिया.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
19 हजार रुपये और तीन ATM कार्ड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 19 हजार रुपये नकद और तीन अलग-अलग एटीएम कार्ड बरामद हुए. पुलिस इन कार्डों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.
प्राथमिकी दर्ज, जेल भेजा गया
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने इससे पहले किन-किन स्थानों पर इस तरह की ठगी की है.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
