गोपालगंज: सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब इमरजेंसी वार्ड में गर्मी और उमस से राहत मिलेगी.
पवन कंस्ट्रक्शन कंपनी के डायरेक्टर राजेश तिवारी ने अपने निजी खर्च से इमरजेंसी वार्ड में चार नए एसी लगवाए हैं. उन्होंने जल्द ही दो और एसी उपलब्ध कराने की घोषणा की है.
पिता के इलाज से प्रभावित होकर उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले राजेश तिवारी के पिता मदन तिवारी को सांप ने काट लिया था.
गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से उनका सफल इलाज किया गया और उनकी जान बच गई.
अस्पताल में मिले बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं से प्रभावित होकर राजेश तिवारी ने मरीजों की सुविधा बढ़ाने का निर्णय लिया.
अस्पताल प्रबंधन से संपर्क कर लगवाए एसी
राजेश तिवारी ने सदर अस्पताल के अस्पताल प्रबंधक जान मोहम्मद से संपर्क कर इमरजेंसी वार्ड में एसी लगाने की इच्छा जताई.
इसके बाद उनकी पहल पर इमरजेंसी वार्ड में चार एसी लगाए गए.
एसी लगने के बाद अब गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत मिलेगी. इससे इलाज के दौरान मरीजों को बेहतर और आरामदायक माहौल मिल सकेगा.
सिविल सर्जन ने पहल की सराहना की
बुधवार को सिविल सर्जन डॉ. मोहम्मद इजरायल ने इस पहल की सराहना की.
उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर अस्पतालों के विकास और मरीजों की सुविधाओं के लिए सहयोग करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि ऐसी सामाजिक पहल से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलती है.
