Gopalganj News: प्रस्तावित NEET आंदोलन को देखते हुए गोपालगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है. जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला. इस दौरान आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई, जबकि असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह की अराजकता या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निकाले गए फ्लैग मार्च में जिले के वरीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, सशस्त्र बल और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे. मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
पुलिस प्रशासन ने बताया कि आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों पर भड़काऊ, अफवाह फैलाने वाले या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साइबर सेल भी लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है.
उपद्रवियों को दी गई सख्त चेतावनी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने, हिंसा फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने अभिभावकों और छात्रों से भी शांतिपूर्ण एवं कानून के दायरे में रहकर अपनी बात रखने की अपील की है.
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें, सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा न करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर सूचना दें.
Also Read : हाजीपुर में चकसिकंदर बाजार से SBI का ATM उखाड़ ले गए बदमाश, कुछ घंटों में बरामद हुई मशीन
