Gopalganj News : ध्वनि प्रदूषण और शांति व्यवस्था को लेकर जारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. शनिवार की रात चैनपुर बतरदेह गांव में आयोजित महावीरी अखाड़ा मेले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अखाड़ों में बज रहे डीजे साउंड सिस्टम को ट्रैक्टर समेत जब्त कर लिया. पुलिस अब संबंधित अखाड़ा समितियों के साथ-साथ डीजे संचालकों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है.
तेज आवाज में डीजे बजने की सूचना पर पहुंची पुलिस
तेज आवाज में डीजे बजाये जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची. टीम ने दोनों अखाड़ा समितियों में बज रहे डीजे साउंड सिस्टम को जब्त कर थाने पहुंचाया. इंस्पेक्टर संतोष कुमार और थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शांति समिति की बैठक में महावीरी अखाड़ा मेला शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने का निर्देश दिया गया था.
बैठक में डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक लगायी गयी थी. इसके बावजूद डीजे बजाये जाने पर दोनों साउंड सिस्टम को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
अखाड़ा समितियों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई केवल डीजे उपकरण जब्त करने तक सीमित नहीं रहेगी. प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजाने वाली संबंधित अखाड़ा समितियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पुलिस ने कहा कि आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
डीजे संचालकों पर भी कसेगा शिकंजा
प्रतिबंध के बावजूद डीजे उपकरण किराये पर उपलब्ध कराने वाले संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस के अनुसार, संबंधित डीजे संचालकों के लाइसेंस रद्द करने और भविष्य में उनके वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा जा रहा है.
नियम तोड़े तो आयोजक और संचालक दोनों पर कार्रवाई
इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि शांति व्यवस्था और निर्धारित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जायेगा. जिन समितियों ने प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी की है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी अखाड़े में प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजाया गया, तो आयोजकों के साथ-साथ डीजे संचालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जायेगी.
