PM Shri School: पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनहा में बुधवार को सोशल ऑडिट किया गया. ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से कराये जा रहे सोशल ऑडिट के तहत विद्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं, उनमें खर्च की गयी राशि और शैक्षणिक व्यवस्था की जमीनी स्थिति की जानकारी ली गयी. इस दौरान विद्यालय से जुड़ी एक-एक रिपोर्ट तैयार की गयी.
अभिलेखों और योजनाओं की ली गयी जानकारी
एमएसएआरपी, गोपालगंज के एडिटर मोहम्मद सुबहान ने विद्यालय पहुंचकर योजनाओं से संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने योजनाओं में खर्च की गयी राशि, कार्यों के क्रियान्वयन, विद्यालय में पढ़ाई की व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी जुटायी.
उन्होंने बताया कि सोशल ऑडिट का मुख्य उद्देश्य कागजों में दर्ज योजनाओं और खर्च के साथ-साथ उनकी धरातल पर वास्तविक स्थिति की जांच करना है. इसके माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति की जानकारी जुटायी जाती है.
अन्य विद्यालयों की भी तैयार की गयी रिपोर्ट
सोशल ऑडिट टीम द्वारा सेमरिया पंचायत के अन्य कई विद्यालयों की भी संबंधित रिपोर्ट तैयार की गयी.
मौके पर प्रधानाध्यापक डॉ. दुर्गाचरण पांडेय, शिक्षक सुरेंद्र कुमार राम समेत कई लोग मौजूद थे.
